| ‘हर हर महादेव’ के उद्घोष के बीच शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक |
भुरकुंडा (रामगढ़): सावन की पहली सोमवारी पर भुरकुंडा कोयलांचल सहित आसपास के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। “हर हर महादेव” के उद्घोष के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। साथ ही फल-फूल, बेलपत्र चढ़ाकर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। क्षेत्र के भुरकुंडा, सौंदा डी, सौंदा बस्ती, सयाल, सेंट्रल सौंदा, रिवर साइड, पटेल नगर, भदानीनगर सहित ग्रामीण क्षेत्र के मंदिरों में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।

बुढ़वा महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का लगा रहा तांता
भुरकुंडा के बुढ़वा महादेव मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों का तांता लगा रहा। सावन की पहली सोमवारी पर सीसीएल बरका-सयाल के महाप्रबंधक रंजन सिन्हा मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का दर्शन किया। अवसर पर दूर-दराज से शिवभक्त छोटे-बड़े वाहनों से दिनभर मंदिर पहुंचते रहे। वहीं सोमवारी व्रत रख महिलाएं और युवतियां दुर्गम रास्तों पर नंगे पैर महादेव का जलाभिषेक करने मंदिर पहुंचीं। मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ जलाभिषेक किया। अवसर पर मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
