रांची: गणेश चतुर्थी पर सोमवार को राजधानी रांची में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रहा। राजभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची की मेयर रोशनी खलखो सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

पूजा के उपरांत राज्यपाल ने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता और सभी पर्वों को साथ मिलकर मनाने की परंपरा है। देश में कोई भी त्योहार केवल अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना के साथ मनाया जाता है। उन्होंने महाराष्ट्र में गणेश उत्सव के विराट आयोजन का भी उल्लेख किया।

बताते चलें कि रांची में 14 से 20 सितंबर तक श्री गणपति उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शहर के विभिन्न पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्सव को लेकर शहर के कई इलाकों में विशेष सजावट की गई है। पूजा समितियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।