पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सहित कई विधायक हुए शामिल
हजारीबाग: सांसद खेल महोत्सव-2026 के शुभारंभ को लेकर रविवार को एंजल्स हाई स्कूल परिसर में बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें 600 से अधिक कार्यकर्ता और खेल प्रेमी शामिल हुए। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा हजारीबाग जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने की, संचालन जिला महामंत्री जयनारायण प्रसाद ने किया और धन्यवाद ज्ञापन रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव सिंह बावला ने किया।
मुख्य अतिथि बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल जनसेवा के माध्यम से जनविश्वास अर्जित कर रहे हैं। उनका वार्षिक सेवा कैलेंडर और सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया और फिट इंडिया संकल्प को जमीन पर उतार रहा है।
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हर गांव में खेल का वातावरण बनाने का जनअभियान है। उन्होंने कहा कि 2016 में फुटबॉल से शुरू हुई यह यात्रा आज जनआंदोलन बन गई है। इसका लक्ष्य नशे की ओर जा रहे युवाओं को मैदान से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि 30 अगस्त 2026 से सदर विधानसभा के दारू प्रखंड से नमो फुटबॉल टूर्नामेंट के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी।
कार्यक्रम को बरही विधायक मनोज कुमार यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. केपी शर्मा और आजसू जिलाध्यक्ष परमेश्वर महतो ने भी संबोधित किया। बताया जाता है कि महोत्सव के तहत हजारीबाग लोकसभा के 22 प्रखंडों के 50 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अकेले नमो फुटबॉल टूर्नामेंट में 1500 से अधिक टीमें भाग लेंगी। कुल 12 खेलों का आयोजन किया जाएगा।
मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता, डिप्टी मेयर अविनाश कुमार यादव, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, विनोद झुनझुनवाला, अजय साहू, किशोर कुमार राणा, द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह, मुकुंद साव, राजीव जायसवाल, उमेश दांगी, सांसद खेल समन्वयक बंटी तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे।
