सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियारों और अन्य सामान किया बरामद
मृतकों में दो अन्य कुख्यात नक्सलियों भी शामिल
रांची: बोकारो जिले के लुगु पहाड़ी इलाके में सोमवार को सुरक्षा बलों ने भाकपा माओवादी संगठन (MCC) के आठ नक्सलियों को मार गिराया है। मृतकों में एक करोड़ का ईनामी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी समेत कुख्यात नक्सली अरविंद यादव और 10 लाख का इनामी साहेब राम मांझी शामिल हैं। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने अत्याधुनिक हथियार सहित कई सामान बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बोकारो जिले के लुगु पहाड़ी क्षेत्र में पुलिस को भाकपा माओवादी संगठन के उग्रवादियों के एकत्रित होने की सूचना मिली थी। जिसपर 209 कोबरा बटालियन झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और बोकारो पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस क्रम में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जो सुबह 05:30 बजे शुरू हुई और तकरीबन डेढ़ से दो घंटे चली। इस दौरान 209 कोबरा बटालियन ने फ्रंटलाइन पर मोर्चा संभालते हुए आठ नक्सलियों को मार गिराया।ऑपरेशन के क्रम में सुरक्षाबलों ने 04 इंसास राइफल, 01 एसएलआर राइफल, 01 रिवाल्वर, 08 देशी हथियार, भारी मात्रा में कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किए हैं।
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि हमने अपने शहीद जवानों का बदला ले लिया है। जल्द ही राज्य से सभी नक्सलियों का सफाया किया जाएगा। अन्य नक्सली आत्मसमर्पण करें और मुख्यधारा में लौट जाएं।
मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में एक करोड़ का इनामी विवेक उर्फ प्रयाग मांझी, अरविंद यादव उर्फ अविनाश, साहेबराम मांझी, गंगाराम, महेश, रंजो मांझी, महेश मांझी और महिला नक्सली तालो दी शामिल हैं। विवेक उर्फ प्रयाग मांझी संगठन का सीसीएम सदस्य था। उसपर झारखंड के विभिन्न थानों में 37 कांड दर्ज थे। जबकि अरविंद यादव पर 85, साहेबराम मांझी पर 45, गंगाराम पर 20, महेश पर 04, तालो दी पर 01, महेश मांझी पर 01 कांड दर्ज है।