चतरा के बड़गांव में हुई युवक की हत्या का मामला गरमाया

रांची: चतरा जिले के बड़गांव में युवक इमरोज अंसारी की मौत के मामले को लेकर शनिवार को राजधानी रांची में झारखंड अल्पसंख्यक अधिकार मंच (JAAM) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। करमटोली स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में मंच ने घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। इस दौरान मृतक के पिता सुल्तान मियां और भाई भी मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता में पिता सुल्तान मियां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे पर एक लड़की को घर में रखने का आरोप लगाकर विवाद खड़ा किया गया। उस समय इमरोज घर में सो रहा था। आरोप के बाद परिजनों के साथ मारपीट कर उन्हें बांध दिया गया। सुल्तान मियां का दावा है कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली, लेकिन तलाशी में आरोप से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं मिला। इसके बावजूद विवाद बढ़ा और इमरोज को घेरकर लाठी-डंडे, पत्थर और धारदार हथियार से पीटा गया। गंभीर चोट के बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

परिवार ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाया। पिता का आरोप है कि घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, फिर भी इमरोज को भीड़ से नहीं बचाया जा सका। परिवार ने पुलिस की भूमिका की भी जांच की मांग की है। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि इमरोज को पहले से निशाना बनाया जा रहा था और स्थानीय प्रभावशाली लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

वहीं मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी पर आरोप है तो जांच कानून के दायरे में होनी चाहिए, कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। मंच ने इसे कानून-व्यवस्था और मानवाधिकार का मामला बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में JAAM के समीर अली, एस. अली, नदीम खान, मुफ्ती अजहर कासमी, मंसूर आलम, अख्तर रजा, हसीबुल अंसारी, जाकिर हुसैन, अमीरुल अंसारी और अशफाक अंसारी समेत कई सदस्य मौजूद थे।

By Admin

error: Content is protected !!