रामगढ़: महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत सोमवार को सदर अस्पताल रामगढ़ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा और रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज मुख्य उपस्थित रहे। अवसर पर अस्पताल में जन्मी नवजात बच्चियों की माताओं को “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान से संबंधित किट भेंट की गई। साथ ही परिवारों को बेटियों के जन्म पर शुभकामनाएं भी दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान शशि प्रकाश झा ने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का जनआंदोलन है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटियों को समान अवसर दें और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें। राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत कर रही है।
वहीं उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि समाज की असली प्रगति महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण से ही संभव है। इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ लिंगानुपात सुधारना नहीं, बल्कि बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के हर क्षेत्र में बराबर अवसर देना है। जिला प्रशासन इसके लिए निरंतर काम कर रहा है।
मौके पर माताओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्तनपान, संतुलित आहार, टीकाकरण और नियमित जांच के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलको, डॉ. स्वराज, अस्पताल प्रबंधक अंतरा झा सहित स्वास्थ्य विभाग और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
