रिपोर्ट- एसके सिन्हा

बालूमाथ (लातेहार) : उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त ने वहां उपस्थित सभी लोगों से एक–एक कर उनकी समस्याएँ सुनी एवं अश्वासन दिया कि उनके सभी शिकायतों की जल्द से जल्द जांच कराते हुए शिकायतों का समाधान किया जाएगा।

इस दौरान एक छात्र रिंकू उरांव ने अनुसूचित जनजाति बालक आवासीय विद्यालय में प्रवेश नामांकन से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपा। प्राप्त आवेदन में छात्र द्वारा कल्याण विभाग संचालित आवासीय विद्यालय में कक्षा 8 में नामांकन के लिए जारी प्रथम चयन सूची में नाम नहीं आने तथा विशेष परिस्थितियों में प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) के आधार पर नामांकन का अवसर प्रदान करने का अनुरोध किया गया था। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी को आवेदन की सभी तथ्यों एवं अभिलेखों की जांच कर विभागीय नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक आवेदन एवं जन-शिकायत का निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि किसी मामले में नियमों के अनुरूप सहायता संभव होगी तो आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।आज के जन शिकायत निवारण में विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन आए।

By Admin

error: Content is protected !!