चार अन्य उग्रवादी भी गिरफ्तार, हथियार बरामद
रांची: नक्सल विरोधी अभियान में झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई में भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा उर्फ सागर को गिरफ्तार किया है। मिसिर बेसरा पर झारखंड में 1 करोड़ और ओडिशा में 1.20 करोड़ का घोषित है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 28 जुलाई की रात ‘ऑपरेशन दौरा पहाड़’ के तहत धनबाद जिले के बरवड्डा थाना क्षेत्र में एक वाहन ( JH-10 BH 1056) पर मिसिर बेसरा, समेत 15 लाख के इनामी नक्सली मेहनत उर्फ मोछू और गौरव उर्फ बिरेंद्र हांसदा और दो अन्य कैडर को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से 3 AK-47 राइफल, 8 मैगजीन और 288 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
राज्य की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, “झारखंड को नक्सल हिंसा से मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ पुलिस और केंद्रीय बल समन्वित रणनीति के तहत लगातार अभियान चला रहे हैं। यह कार्रवाई उसी का परिणाम है।”
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हथियारों की यह बरामदगी क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क की गतिविधियों पर असर डालेगी। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ से संगठन की फंडिंग, हथियार आपूर्ति और अन्य जिलों में सक्रिय दस्तों की जानकारी मिल सकती है। बरामद हथियारों की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
