अधिकारियों और कर्मचारियों को सुधार लाने के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम 

रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू प्रखंड का दौरा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू और अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, जन शिकायतों के निपटारे, राजस्व प्रशासन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता के साथ गति लाने के निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू में उपायुक्त ने वार्डों और ओपीडी का जायजा लेने के साथ ही इलाज कराने आए मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उपायुक्त ने गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना से शत-प्रतिशत जोड़ने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू में संचालित दंत ओपीडी की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसे आधुनिक मशीनों और आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित कर 15 अगस्त तक आम जनता के लिए पूरी तरह से अद्यतन कर दिया जाए।

इसके बाद उपायुक्त ने अंचल कार्यालय पतरातू में आपदा राहत, जन शिकायतों, राजस्व शिविरों, म्यूटेशन, जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्रों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं। मीटा पोर्टल और थाना दिवस पर प्राप्त मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने लगान वसूली में तेजी लाने को कहा। म्यूटेशन के मामलों में उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना किसी वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत न किया जाए और 30 दिन से अधिक समय से लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निपटारा किया जाए।

निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को 15 दिनों के भीतर अपने कार्यों में उल्लेखनीय सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

By Admin

error: Content is protected !!