धनबाद: अवैध खनन के दौरान शुक्रवार की सुबह मुगमा क्षेत्र के कापासारा परियोजना कोयला खदान धंस गई। खदान में कई लोगों के दब जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं आधिकारिक रूप से किसी के हताहत होने की अबतक पुष्टि नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार कापासारा परियोजना में आउटसोर्सिंग कंपनी के जरिये खदान से कोयला निकाला जा रहा है। साथ ही यहां बड़े पैमाने पर अवैध खनन भी होता है। शुक्रवार को अवैध खनन के दौरान एक खदान का लगभग 200 मीटर का दायरा तेज आवाज के साथ धंस गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रमिक नेताओं की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले की छानबीन चल रही है। फिलहाल खदान के आसपास जमीन पर पड़ी दरारों को भरने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं बताया जाता है कि कापासारा परियोजना में अवैध खनन के दौरान चाल धंसने की घटना में विगत कुछ वर्षों में दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।