बोले तिवारी महतो – क्षेत्र में नहीं रहेगा एक भी कच्चा रास्ता 

मांडू (रामगढ़): मांडू विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को विधायक तिवारी महतो ने मांडू डीह और मांडू चट्टी पंचायत में तीन महत्वपूर्ण पीसीसी पथों का शिलान्यास किया। सर्वप्रथम  मांडू डीह पंचायत अंतर्गत शांति सरोवर होटल के बगल में स्थित बंजारी टांड़ रास्ते पर पीसीसी पथ का शिलान्यास किया गया। इसके उपरांत विधायक ने मांडू डीह के लक्ष्मी नगर में पीसीसी पथ का शिलान्यास किया। वहीं तीसरा शिलान्यास मांडू चट्टी पंचायत के बाजार टांड़ से गोविंदपुर पीसीसी पथ का हुआ। 

शिलान्यास के मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक तिवारी महतो ने कहा कि वह खुद को विधायक नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता और किसानों का सेवक मानते हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े हैं और आगे भी खड़े रहेंगे। विधायक ने विश्वास दिलाया कि उनका सपना मांडू विधानसभा को एक विकसित विधानसभा के रूप में देखना है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में एक भी कच्चा और जर्जर रास्ता नहीं बचेगा। सभी कच्चे रास्तों को चरणबद्ध तरीके से पक्के पीसीसी पथ में बदला जाएगा ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

स्थानीय लोगों ने सड़कों के शिलान्यास पर खुशी जताते हुए विधायक और पंचायत प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बताया जाता है कि लंबे अरसे से इन रास्तों की मांग की जा रही थी जो अब पूरी होने जा रही है।

मौके पर सांसद प्रतिनिधि विवेक कुमार गुप्ता, मांडू डीह पंचायत के मुखिया बैजनाथ राम, मांडू चट्टी पंचायत की मुखिया अनीता देवी, मांडू चट्टी पंचायत के उप मुखिया सह विधायक प्रतिनिधि पंकज कुमार गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि छोटेलाल भुईया, नवरत्न कुमार, बंधन महतो, उमेश प्रसाद मंडल, सोनू प्रसाद, विनोद कुमार, तारकेश्वर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!