पांच दिनों तक चलेगा सत्र, पेश होगा अनुपूरक बजट
रिपोर्ट- एस. अंसारी
रांची: झारखंड विधानसभा का पांच दिवसीय मॉनसून सत्र गुरुवार से शुरू हो गया। पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने सदन की कार्यवाही को सार्थक और जनहित केंद्रित रखने की अपील की। सत्र की सबसे अहम कार्यवाही के तौर पर वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। अध्यक्ष ने बताया कि सत्र के चार दिन प्रश्नकाल के लिए तय हैं। इसमें विधायक जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे। 12 अगस्त का दिन गैर-सरकारी सदस्यों के लिए आरक्षित है। उस दिन निजी विधेयक और संकल्प लाए जाएंगे।
अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए संवाद और स्वस्थ बहस जरूरी है। उन्होंने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जलवायु परिवर्तन और तकनीक जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा पर जोर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि 2025 में झारखंड विधानसभा 31 दिन चली थी, जबकि देशभर की विधानसभाओं की औसत बैठक 24 दिन रही।
सदन के सुचारू संचालन के लिए सभापति मंडल और कार्य मंत्रणा समिति का गठन कर दिया गया है। सभापति मंडल में हेमलाल मुर्मू, चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह, नीरल पूर्ति, रामचंद्र सिंह और डॉ. नीरा यादव शामिल हैं। कार्य मंत्रणा समिति में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत अन्य सदस्य रहेंगे।
