रांची: दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी रांची में पंडालों की तैयारी जोरों पर है। अगर आप हर बार एक ही तरह के पंडाल देखकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कल्याणी ITI मोड़ का पंडाल आपको कुछ अनोखा दिखाने वाला है। यहां म्यांमार देश की वास्तुकला पर आधारित भव्य पंडाल बनाया जा रहा है।

इस पंडाल की सबसे खास बात इसकी बेहद उम्दा डिजाइन होगी। म्यांमार के पारंपरिक मंदिरों जैसी नक्काशी, ऊंचे शिखर और अनोखी स्थापत्य शैली को यहां उतारने की कोशिश की जा रही है। कारीगर दिन-रात जुटे हैं ताकि पंडाल को ऐसा रूप दिया जा सके कि देखते ही लोग कह उठें – वाह!

समिति के सदस्यों का कहना है कि वे सिर्फ पूजा ही नहीं, बल्कि लोगों को एक अलग देश की संस्कृति से भी रूबरू कराना चाहते हैं। शाम ढलते ही जब रंग-बिरंगी रोशनियों से यह पंडाल जगमगाएगा, तो इसकी खूबसूरती और बढ़ जाएगी।
इस दुर्गा पूजा में अगर आप कुछ हटके देखना चाहते हैं, तो कल्याणी ITI मोड़ के इस पंडाल को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल कर लीजिए। यह पंडाल इस बार रांची के सबसे चर्चित पंडालों में से एक होने वाला है।
