Mushtaq khan death: हिंदी फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता मुश्ताक खान का गुरुवार को निधन हो गया। वे लीवर कैंसर से पीड़ित थे और पिछले 15 दिनों से मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती थे। जहां इलाज के क्रम में गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जाता है कि पांच साल पहले उन्हें कैंसर का पता चला था। इलाज से वे काफी हद तक स्वस्थ्य हो चले थे। हाल में बिमारी ने उन्हें फिर अपनी चपेट में ले लिया और आखिर में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। 

मुश्ताक खान का जन्म 31 दिसंबर 1969 को मध्य प्रदेश में हुआ था। उन्होंने बतौर हास्य और चरित्र अभिनेता कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम किया है। बतौर अभिनेता 80 के दशक में शुरूआत के बाद 90 के दशक में उन्होंने दर्शकों में अपनी अलग पहचान कायम की। उन्होंने आशिकी, सड़क, दिल है कि मानता नहीं, साथी, हम हैं राही प्यार के, क्रांतिवीर, गदर, वेलकम सहित सैंकड़ों फिल्मों में काम किया।