आयोजन समिति का हुआ गठन, तैयारी को लेकर हुई चर्चा
रामगढ़: खोरठा जनगायक जगलाल सिंह स्मृति दिवस मनाने करने को लेकर रविवार को पटेल चौक के निकट मार्गदर्शन शिक्षण संस्थान में स्थानीय साहित्यकारों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. बीएन ओहदार और संचालन सुशील स्वतंत्र ने किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्व.जगलाल सिंह कि पहली पुण्यतिथि पर आगामी 19 दिसम्बर को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के खोरठा विभाग में स्मृति दिवस मनाया जायेगा। जिसमें स्व. जगलाल सिंह को समर्पित खोरठा गीत प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूल और कॉलेज के वर्ग 10 से स्नातक तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। गौरतलब हो कि रामगढ़ जिले के लइयो निवासी स्व.जगलाल भारतीय जन नाट्य संघ से जुड़े रहे थे और मूल रूप से खोरठा गीत ही गाते थे।
मौके पर डॉ. ओहदार ने कहा कि झारखंड की स्थानीय भाषा एवं संस्कृति को संरक्षित करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं। खोरठा संस्कृति के संरक्षण एवं उन्नयन के लिए साथ ही जगलाल सिंह को याद करते हुए राधा गोविंद विश्वविद्यालय के सहयोग से यह आयोजन किया जाएगा।
वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए डॉ. बी. एन. ओहदार की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन किया गया। जिसमे साहित्यकार बलराम सिंह, पन्नालाल राम, सुशील स्वतंत्र, मेघनाथ, पोवेल, प्रीतम झा, अंजनी कुमार समेत कई अन्य शामिल किए गए। बैठक में इप्टा से प्रदीप तरफदार और रविशंकर मौजूद थे।