रांची: राजधानी के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) मेसरा से एक दुखद खबर सामने आई है। संस्थान के हॉस्टल नंबर-9 में एक छात्रा का शव पंखे से लटका मिला है। मृतका की पहचान गोड्डा निवासी अंजली सुमन के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम क्लास से लौटने के बाद अंजली अपने कमरे में चली गई थी। देर शाम तक जब वह मेस में खाना खाने नहीं पहुंची तो सहेलियों को चिंता हुई। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद छात्राओं ने दरवाजे के छेद से अंदर झांका तो अंजली फंदे से लटकी हुई दिखी। घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल प्रबंधन और बीआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अजय कुमार दास ने शव को नीचे उतरवाया और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
