कोयला लदे ट्रकों का गांव के रास्ते हो रहा परिचालन

कोयला के अवैध कारोबार की चर्चा, लोगों में आक्रोश

गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत डाड़ी पंचायत के ढटवाटांड में मंगलवार की सुबह तकरीबन 6 बजे एक ट्रक ने महिला को चपेट में ले लिया। जिससे घटनास्थल पर ही महिला की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग पर अड़ गए। देर शाम तक चली वार्ता के बावजूद लोग नहीं माने और सड़क जाम की स्थिति बनी रही। 

दुर्घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खपिया की ओर से 16 चक्का ट्रक (JH 22G 9454) चूल्हाबेड़ा से गिद्दी सी की ओर जा रहा था। इस क्रम में सुबह 6 बजे ट्रक ने ढटवाटांड़ गांव के संकीर्ण रास्ते पर स्थानीय दुलारी देवी (65 वर्ष) पति खुलेश्वर महतो को रौंद दिया। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। मृतका के परिजनों को समूचित मुआवजा और गांव के संकीर्ण रास्ते पर कोयला लदे ट्रकों का परिचालन अविलंब बंद करने की मांग पर अड़ गए।

मामले की सूचना पर गिददी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन सदलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की पूरी जानकारी ली। इस बीच मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, जेएलकेएम के पूर्व मांडू विधानसभा प्रत्याशी बिहारी महतो सहित कई गणमान्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने मृतका के परिजनों को अविलंब मुआवजा देने की मांग की।

इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की संकरी सड़क पर कोयला लदे वाहनों के परिचालन पर नाराजगी जताते हुए कोयला के अवैध कारोबार की बातें कही। लोगों ने बताया कि आसपास के इलाके कोयला का अवैध खनन और परिवहन जमकर हो रहा है। कोयला माफिया संरक्षित रूप से कोयले का कारोबार कर रहे हैं और राज्य की गरीब जनता कभी अवैध कोयले की खदानों में तो कभी सरेराह जान गवां कर भ्रष्ट व्यवस्था की कीमत चुका रही है। 

बहराल, दुलारी देवी की दर्दनाक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण काफी आक्रोशित और मर्माहत हैं। देर शाम तक कई बार वार्ता हुई लेकिन सहमति नहीं बनी। लोग वाहन मालिक को बुलाने की मांग भी करते रहे। खबर लिखे जाने तक शव का उठाव नहीं किया जा सका। 

 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!