अध्यक्ष प्रदीप मांझी और सचिव अजय पासवान चुने गए 

बैठक में निर्णय – डाक के माध्यम से लगेगा श्रावणी मेला, आय-व्यय में होगी पारदर्शिता 

भुरकुंडा (रामगढ़): बीते वर्ष श्रावणी मेला के आय-व्यय में पारदर्शिता को लेकर उठे विवाद को देखते हुए मंगलवार को काली मंदिर प्रांगण में पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता जवाहरनगर पंचायत के पूर्व मुखिया प्रदीप मांझी और संचालन जवाहरनगर पंचायत के मुखिया अजय पासवान ने किया। बैठक में वक्ताओं ने श्रावणी मेला के आयोजन से संबंधित सभी पहलुओं पर चर्चा की। साथ ही मेला के आयोजन और आय-व्यय में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया। 

बैठक को संबोधित करते हुए जवाहरनगर पंचायत के मुखिया प्रदीप मांझी ने कहा कि मेला सार्वजनिक आयोजन है। सभी के सहयोग और सहभागिता से मेला लगना चाहिए। साथ ही आयोजन में पूरी पारदर्शिता और आय-व्यय में इमानदारी बरती जानी चाहिए। बीते वर्ष मेला कमेटी के कुछ लोगों के कारण विवाद और शर्मिंदगी की स्थिति उत्पन्न हुई। क्षेत्र की जनता और उनके विश्वास के प्रति भी हमारी जवाबदेही है। श्रावणी मेला का संचालन नई कमेटी करेगी। डाक के माध्यम मेला लगाया जाएगा और आय-व्यय में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।

इस दौरान भुरकुंडा पंचायत के मुखिया अजय पासवान ने कहा कि बीते वर्ष श्रावणी मेला के आयोजन के बाद आय-व्यय को सार्वजनिक करने के दो-तीन बैठकें बुलाने के बावजूद कमेटी के जवाबदेह लोग उपस्थित नहीं हुए। बाद में आय-व्यय का जो मौखिक ब्योरा दिया गया वह भी तर्कसंगत और विश्वसनीय प्रतीत नहीं हुआ। मेला के आयोजन में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और अर्जित आय का सामाजिक रूप से सदुपयोग होना चाहिए। भुरकुंडा थाना मैदान को संरक्षित करने का भी काम हो।

बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने पुरानी कमेटी के कुछेक सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए। मेले के आयोजन में मनमानी, पैसों का बंदरबांट और आय-व्यय के संबंध में कमेटी के वरीय पदाधिकारियों को गुमराह करने की बातें कही गई। वक्ताओं ने कहा कि बीते वर्ष उठे विवाद को देखते हुए नई कमेट की निगरानी में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ मेला का आयोजन किया जाए। सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो और मेला से अर्जित आय सार्वजनिक कर समाज हित में उपयोग किया जाए।

नवगठित श्रावणी मेला समिति में जवाहरनगर पंचायत के पूर्व मुखिया अध्यक्ष, भुरकुंडा पंचायत के मुखिया अजय पासवान सचिव, सतीश मोहन मिश्रा कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिजेंद्र पासवान, सह सचिव विजय सिंह चुने गए। इसके साथ ही चमनलाल, रॉबिन मुखर्जी, जगतार सिंह, सरोज झा, संजय मिश्रा, अशोक तिवारी, राजेश मिश्रा, संजीत राम, श्रीनाथ करमाली, प्रेम विश्वकर्मा, पंकज कुमार को संरक्षक मनोनीत किया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्यों में सुनील बैठा, रोशन पासवान, शंकर बेदिया, आदित्य करमाली, युवराज पासवान, फिरदौश आलम, हरेराम साव, सुनील रजक, सुखवीर सिंह, घनश्याम पासवान सहित अन्य शामिल किए गए। बताया जाता है कि अगली बैठक में कमेटी का विस्तार किया जाएगा और प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी जाएगी। 

By Admin

error: Content is protected !!