भुरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सयाल के रहनेवाले हैं दोनों अभियुक्त
गिद्दी (हजारीबाग): पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत कनकी मोड़ के पास से राहुल दुबे गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने एक पिस्टल, दो गोलियां, दो मैगजीन और दो मोबाइल जब्त किया है। पकड़े गए अभियुक्तों में भुरकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सयाल निवासी मोहित सिंह (19 वर्ष) पिता राजू सिंह और भोला उर्फ ओमप्रकाश (34 वर्ष) पिता कृष्णा चौधरी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग के स्कॉर्पियो पर अपराधी गिद्दी से मांडू होते हुए हजारीबाग की ओर आनेवाले हैं। सूचना के सत्यापन और अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने गिद्दी थाना क्षेत्र के कनकी मोड़ के निकट वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस क्रम में सफेद रंग का स्कॉर्पियो ( JH 10AR 8705) आता दिखा। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया। जिसपर वाहन को थोड़ी दूर खड़ा कर उसमें बैठे चालक और सवार भागने लगे। जिसपर पुलिस ने भागते हुए दो युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दो युवकों ने अपना नाम मोहित सिंह और भोला उर्फ ओमप्रकाश बताया। उनकी तलाशी लेने पर पुलिस को एक पिस्टल, दो गोली और दो मैगजीन बरामद की। जिसपर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए लेवी वसूलने काम करते हैं और रंगदारी के लिए फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
मामले को लेकर गिद्दी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मोहित सिंह का आपराधिक इतिहास है। वह बीते वर्ष दिसंबर माह में उरीमारी ओपी क्षेत्र में विस्थापित नेता दबी मांझी के घर पर फायरिंग करने के आरोप में जेल जा चुका है। बीते दो जून को गिद्दी चेकपोस्ट पर फायरिंग में भी उसकी संलिप्तता बताई जाती है।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक बड़कागांव अंचल शाहिद रजा, गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय सदलबल शामिल रहे।
