रांची, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह में भाग्य आजमा रहे 93 उम्मीदवार

रांची: लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण के तहत झारखंड में शनिवार को तीसरे फेज की मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य के चार लोकसभा सीट रांची, जमशेदपुर, धनबाद और गिरिडीह के लिए सुबह सात बजे से मतदान हो रहा है, जो शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। मतदान शुरू होते ही मतदान केंद्र पर वोटरों की कतारें देखी जा रही है।  नये वोटरों में भी खासा उत्साह है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बूथों पर सुरक्षा बलों के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं।

चारो लोकसभा सीट के लिए कुल 8,963 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जबकि कुल मतदाताओं की संख्या 82.16 लाख है।  इन लोकसभा सीटों पर कुल 93 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 27 उम्मीदवार रांची लोकसभा सीट पर हैं। जबकि जमशेदपुर लोकसभा सीट पर 25, धनबाद लोकसभा सीट पर 25 और गिरीडीह लोकसभा सीट पर 16 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं।

झारखंड में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत रांची में भाजपा के संजय सेठ, कांग्रेस की यशस्विनी सहाय, जमशेदपुर में भाजपा के विद्युतवरण महतो, झामुमो के समीर मोहंती, गिरीडीह में आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी, झामुमो के मथुरा महतो, निर्दलीय जयराम महतो, धनबाद में भाजपा के ढुल्लू महतो, कांग्रेस की अनुपमा सिंह सहित अन्य का भविष्य वोट के रूप में ईवीएम में कैद हो रहा है। सुबह नौ बजे तक धनबाद में 11.75, गिरिडीह में 12.91, जमशेदपुर में 10.05 और रांची लोकसभा में 12.19 प्रतिशत अनुमानित वोट पड़े हैं।

By Admin

error: Content is protected !!