रामगढ़: बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरातू-रामगढ़ फोरलेन पर गेगदा के निकट मंगलवार देर शाम सड़क हादसे में सीसीएल कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुरसे निवासी विनय कुमार मुंडा, पिता रामनाथ मुंडा, कुरसे निवासी के रूप में हुई है। वह सीसीएल खलारी में कार्यरत था।
मिली जानकारी के अनुसार विनय कुमार मुंडा मंगलवार शाम ड्यूटी समाप्त कर खलारी से बाइक पर अपने घर कुरसे लौट रहा था। इस क्रम में बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत गेगदा के हरिदयारी टोला के समीप बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बासल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आनन-फानन में विनय को पतरातू स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कुसरे गांव में मातम पसर गया है। मृतक अपने माता-पिता इकलौता पुत्र था। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर अग्रेत्तर कार्रवाई में जुट गई है दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाने ले जाया गया है।
