बंड़का चुंबा पंचायत के पंचायत सचिव और मुखिया को शो-कॉज
रामगढ़: मांडू प्रखंड के बड़का चुंबा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना और इंदिरा आवास योजना के तहत लाभ प्राप्त कर चुके लोगों को पुनः अबुआ आवास योजना के तहत लाभ दिए जाने संबंधित शिकायत पर उपायुक्त चंदन कुमार ने संज्ञान लिया है। उन्होंने उप विकास आयुक्त रॉबिन टोप्पो को मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
जिसपर उप विकास आयुक्त के द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी मांडू को पत्र लिखकर मामले की जांच करने एवं बड़का चुंबा पंचायत के पंचायत सचिव और मुखिया से स्पष्टीकरण पूछते हुए दो दिनों के अंदर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। उप विकास आयुक्त ने जांच के उपरांत राशि की वसूली करने के संबंध में भी प्रखंड विकास पदाधिकारी मांडू को निर्देशित किया है।
बताया जाता है कि बड़काचुम्बा पंचायत के पंचायत सचिव, लाभुक और पंचायत के मुखिया पर आरोप है कि वे मिलीभगत से प्रधानमंत्री आवास और इंदिरा आवास प्राप्त व्यक्तियों से मोटी रकम लेकर पुनः अबुआ आवास दे दिया गया। जिस कारण वास्तविक व्यक्तियों को आवास नही मिल पा रहा है।
पूर्व में प्रधानमंत्री आवास प्राप्त दुखन प्रजापति पिता बैजनाथ प्रजापति जिसका I.D No.- JH2465077 है। जबकि दुखन प्रजापति की पत्नी फुलकी देवी को पुनः अबुआ आवास दिया गया है। जिसका I.D No. 1972092 है। वहीं जगरनाथ प्रजापति पिता पारसनाथ प्रजापति जिसका I.D No. JH2504833 है। जगरनाथ प्रजापति की पत्नी संगीता देवी को पुनः अबुआ आवास दिया गया है, जिसका 1.D No. 2120977 है। इसके साथ ही वागेश्वरी देवी पति भोला करमाली को पूर्व में इंदिरा आवास मिला था। जबकि पुनः वागेश्वरी देवी पति भोला करमाली को ही अबुआ आवास दे दिया गया है जिसका I.D No. 2123159 है।