कॉमर्शियल रूप से संचालन का मार्ग प्रशस्त, हर्ष का माहौल 

रामगढ़: पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) की 800 मेगावाट की यूनिट-2 का संचालन परीक्षण सोमवार की रात सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसके उपलब्धि के साथ ही यूनिट-2 के वाणिज्यिक रूप से संचालन की घोषणा का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे झारखंड समेत अन्य लाभार्थी राज्यों में बढ़ी हुई बिजली मांग को पूरा करने में काफी सहूलियत होगी।

सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ए.के सहगल ने सभी कर्मचारियों, अभियंताओं एवं सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 5 नवंबर 2025 को यूनिट-1 के वाणिज्यिक परिचालन की घोषणा की गई थी और अब पीवीयूएनएल यूनिट-2 के वाणिज्यिक परिचालन की दिशा में भी पूरी तरह तैयार है। उन्होंने झारखंड सरकार, जेबीवीएनएल, एनटीपीसी तथा अन्य सभी हितधारकों और सहयोगी संस्थाओं के अधिकारियों का निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

बताया जाता है कि पीवीयूएनएल से उत्पादित कुल बिजली का 85 प्रतिशत हिस्सा झारखंड को प्राप्त होना है। यूनिट-1 और यूनिट-2 की कुल 1600 मेगावाट स्थापित क्षमता में से 1360 मेगावाट बिजली झारखंड को मिलेगी। यह राज्य में औद्योगिकीकरण को गति देने के साथ-साथ विकास के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

By Admin

error: Content is protected !!