सीसीएल के स्वच्छता पखवाड़ा में आयोजित प्रतिस्पर्धाओं के विजेता हुए पुरस्कृत
उरीमारी (हजारीबाग): भारत भारती विद्यालय उरीमारी में गुरुवार को सीसीएल के सीएसआर विभाग की ओर से पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सीसीएल के स्वच्छता पखवाड़े के दौरान विभिन्न गतिविधियों में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सीएसआर के नोडल ऑफिसर रोमित कुमार, जीआर भगत, संजय शर्मा, अर्जुन सिंह और लकी सिंह उपस्थित थे।अतिथियों के आगमन पर विद्यालय के हेड बॉय और हेड गर्ल द्वारा अतिथियों को तिलक लगाया और विद्यालय के सहायक निदेशक अभिषेक कुमार यादव द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के तहत सीसीएल द्वारा 15 जून से 30 जून तक चलाए गए “स्वच्छता पखवाड़ा जागरूकता अभियान” के अंतर्गत विद्यालय में ड्राइंग और नाटक प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्वच्छता पखवाड़े के दौरान दो समूहों में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं से सातवीं में कक्षा सातवीं की ट्यूलिप कुमारी पहले, कक्षा आठवीं की प्रिया कुमारी दूसरे और कक्षा पांचवीं की ज्योति कुमारी तीसरे स्थान पर रही। जबकि कक्षा आठवीं से 10वीं में पहले स्थान पर कक्षा 10वीं अंजलि कुमारी, दूसरे स्थान पर कक्षा आठवीं के चंद्रप्रकाश कुमार और तीसरे स्थान पर कक्षा 10वीं की अदीबा परवीन रही। वहीं नाटक प्रतियोगिता में दिव्या कुमारी, राशि कुमारी, लाडली कुमारी, आराध्या कुमारी, निक्की कुमारी, शुभम कुमार, श्रेयांश कुमार, सौम्या कुमारी, आयुष कुमार, प्रियांशु कुमार एवं कृष्णा कुमार ने भाग लेकर दर्शकों की सराहना बटोरी।सभी विजेता बच्चों को नोडल ऑफिसर रोमित कुमार एवं अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए रोमित कुमार ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि केवल आसपास की सफाई ही नहीं, बल्कि घर एवं शरीर की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
अवसर पर विद्यालय के सचिव गोपाल यादव, निदेशक अनिमेष कुमार यादव, सहायक निदेशक अभिषेक कुमार यादव, उप प्राचार्य अर्जुन कुमार साव सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
