भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी कुमार राकेश सत्यार्थी ने सोमवार को परियोजना अंतर्गत आने वाले चारों राजस्व गांव बलकुदरा, दुंदुआ, कुरसे और देवरिया के मुखिया को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि सभी विस्थापित परिवार जिनकी जमीन कोयला उत्खन के लिए सीसीएल द्वारा पहले से अधिग्रहण की जा चुकी है, वे अपनी जमीन के सभी दस्तावेज और सक्षम अधिकारी द्वारा निर्गत वंशावली के साथ भुरकुंडा परियोजना कार्यालय में जल्द से जल्द जमा करें। ताकि सीसीएल और सक्षम अधिकारी (अंचलाधिकारी) द्वारा इसकी जांच कर आगे की कार्यवाही की जा सके और नये पैच पर खदान को सुचारु रूप से चलाया जा सके।

ऑफिसर्स क्लब में आयोजित बैठक शुरू होते ही रद्द 

पत्र जारी करने से पूर्व प्रबंधन द्वारा सीसीएल ऑफिसर्स क्लब में सोमवार को बुलाई गई बैठक शुरू होते ही हंगामे की भेंट चढ़कर रद्द हो गई। जानकारी के मुताबिक प्रबंधन ने बैठक में पीसीसी सदस्यों को भी आमंत्रित कर दिया। बैठक में भाग लेने पहुंची अधिकांश समितियों को उनकी मौजूदगी नागवार गुजरी और इसका विरोध करते हुए उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर दिया। वहीं बताया जाता कि पहले प्रबंधन ने 6 समितियों को आमंत्रित किया था। बाद में अलग से दो अन्य समितियों को भी बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। बैठक के संबंध में एक समिति के प्रतिनिधि से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बैठक के लिए आमंत्रित किए जाने पर  आउटसोर्सिंग कंपनी से जुड़ी अपनी मांगों पर बातचीत की उम्मीद से गए थे। बैठक में सिर्फ कोलियरी प्रबंधन और आउटसोर्सिंग कंपनी के प्रतिनिधियों को ही शामिल होना चाहिए था। 

By Admin

error: Content is protected !!