विकसित जीवंत ग्राम’ कार्यक्रम में युवाओं का आह्वान – आत्मनिर्भर गांव ही विकसित भारत की मजबूत नींव

साहेबगंज: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन मेरा युवा भारत साहेबगंज के तत्वावधान में रविवार को जिला समाहरणालय सभागार में ‘विकसित जीवंत ग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ युवाओं का सीधा वर्चुअल संवाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रधानमंत्री के विचारों को सुना तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का युवा अपनी ऊर्जा, नवाचार, कौशल और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भर भारत, ग्रामीण विकास, डिजिटल सशक्तिकरण, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “विकसित और आत्मनिर्भर गांव ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं।”

कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने प्रधानमंत्री के विचारों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इस संवाद ने उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को और अधिक जिम्मेदारी के साथ निभाने की प्रेरणा दी है। युवाओं ने अपने गांव, समाज और देश के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प भी लिया।

जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ पांडे ने कहा कि, “आज का यह संवाद साहेबगंज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा। प्रधानमंत्री जी ने युवाओं को कौशल विकास, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। MY Bharat का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है और आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को देश की विकास यात्रा में सहभागी बनाया जाएगा।”

कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने कहा कि प्रधानमंत्री से सीधे संवाद करना उनके लिए गर्व का विषय रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से उन्हें नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

इस अवसर पर चंदन कुमार, राहुल कुमार यादव, कौशर अंसारी, अजय कुमार मंडल, गौरव कुमार सुमन, बिशाल ठाकुर, कृष्णा कुमार यादव, रितेश कुमार, विनय टुडू, बेटालाल मुर्मू, जोसेफ सोरेन, हरिओम गुप्ता, सौरभ कुमार गुप्ता, लक्ष्मी कुमारी, सुहागनी मुर्मू, मोहन कुमार, ऋषभ कुमार सिंह तथा नतुवा मुर्मू सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। साथ ही जिला प्रशासन के पदाधिकारी, MY Bharat के प्रतिनिधि और स्वयंसेवकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा में सहभागी बनाना था। पूरे आयोजन के दौरान सभागार में उत्साह का माहौल रहा और सभी युवाओं ने “विकसित भारत 2047” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने तथा राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा जताया।

By Admin

error: Content is protected !!