पतरातू (रामगढ़): पतरातू थाना अंतर्गत मेन रोड पर पीवीयूएनएल हॉस्पिटल के निकट शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने युवक को रौंद दिया। जिससे घटनास्थल पर ही युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हाइवा चालक वाहन के साथ भाग निकला। मृतक की पहचान ओडिशा राज्य के टिटलागढ़ निवासी गया छूरा पिता वैष्णव छूरा (23 वर्ष) के रूप में हुई। वह पीवीयूएनएल के अधीनस्थ संचालित आईसीएच कैंटीन में काम करता था।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह तकरीबन सात बजे युवक कैंटीन में काम करने जा रहा था। इस क्रम में न्यू मार्केट से पतरातू की ओर जाते एक तेज रफ्तार हाइवा उसे रौंदते हुए भाग निकला। यह देख स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना की जांच पड़ताल करते हुए उक्त हाइवा की तलाश करने में जुट गई है।

इधर, यातायात व्यवस्था को लेकर आम लोगों में रोष है। सड़क पर तेज रफ्तार से भागते भारी मालवाहक वाहनों को लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सिर्फ हेलमेट का चालान काटना ही पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता रह गई है।  मालवाहक वाहनों की तेज रफ्तार रोकने के लिए कभी कोई कवायद सड़क पर नहीं दिखती है। 

By Admin

error: Content is protected !!