भगवान भोलेनाथ का किया जलाभिषेक, हर-हर महादेव के लगे जयकारे 

भुरकुंडा (रामगढ़): सावन माह की अंतिम सोमवारी पर कोयलांचल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चे हाथों में बेलपत्र, फूल और जल लेकर मंदिरों की ओर जाते देखे गए। भुरकुंडा स्थित प्रसिद्ध बुढ़वा महादेव मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर पूजा समिति द्वारा मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भीड़ को देखते हुए पूजा और जलाभिषेक के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। वहीं सौंदा बस्ती टिपला से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं भक्तिगीतों पर नाचते-झूमते बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक किया।

वहीं कोयलांचल के अन्य शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बुढ़वा महादेव मंदिर और हॉस्पिटल कॉलोनी शिव मंदिर में पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच खीर का प्रसाद वितरण किया गया। इसके साथ ही जगह-जगह शिवभक्तों की सेवा में लोग लगे रहे। क्षेत्र में दिनभर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

By Admin

error: Content is protected !!