रामगढ़: पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन के महाप्रबंधक दो दिवसीय दौरे के क्रम में विशेष सैलून से पतरातू पहुंचे। जहां रेलवे के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। महाप्रबंधक ने शनिवार को पीवीयूएन के सीईओ एके सहगल सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके साथ ही उन्होंने पतरातू स्टेशन पर यात्री सुविधा, सुरक्षा, संरक्षा आदि से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीवीयूएनएल रेल लाइन साइट का भी जायजा लिया। इस बीच उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण में धनबाद मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र सहित कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस दौरान ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के महामंत्री मृत्युंजय कुमार ने महाप्रबंधक को पतरातू से संबंधित 7 सूत्री और जोनल स्तर से संबंधित 13 सूत्री ज्ञापन सौंपा। जिसके माध्यम से रेलकर्मियों और कॉलोनी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की गई। यूनियन की प्रमुख मांगों में पतरातू गांधी चौक से डीजल शेड तक जर्जर सड़क का निर्माण, रेलवे कॉलोनी में पेयजल व्यवस्था में सुधार, रेलवे क्वार्टरों की मरम्मत के लिए बजट में वृद्धि, पतरातू रेलवे अस्पताल में महिला चिकित्सक की पदस्थापना, अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन की स्थापना तथा पतरातू क्रू लॉबी का आधुनिकीकरण शामिल हैं।

मौके पर वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता अनिल कुमार सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर एके सिंह, एईएन बरकाकाना राजेश कुमार, स्टेशन प्रबंधक कृष्णा राम, पीडब्ल्यूआई सतीश तिवारी, आईओडब्ल्यू विनय कुमार, इलेक्ट्रिक फोरमैन गौरी शंकर सोय, सुमित कुमार सहित शंभू कुमार, संजीव कुमार, शिव कुमार गिरी, अमित रजक, रंजन कुमार, रणधीर वर्मा, सौरव झा सहित अन्य उपस्थित थे।
