रामगढ़: चुट्टूपालू घाटी में अक्सर मोबाइल नेटवर्क गायब रहने से दुर्घटना के समय राहत-बचाव में होती समस्या को देखते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि घाटी में टावर नहीं होने से नेटवर्क बाधित रहता है, जिससे हादसे की सूचना एम्बुलेंस, पुलिस और राहत टीम को समय पर नहीं मिल पाती।
इस पर डीसी ने जियो की टेक्निकल टीम को निर्देश दिया कि घाटी में उपयुक्त स्थान का सर्वे कर नया टावर लगाने का प्रस्ताव जल्द जिला प्रशासन को सौंपे, ताकि प्रक्रिया में देरी न हो। मौके पर डीएफओ नितेश कुमार, गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, डीपीओ यूआईडी आरती पंकज, अंचल अधिकारी रामगढ़ और जियो की तकनीकी टीम मौजूद थी।
