रांची: नामकुम में जल्द कौशल प्रशिक्षण केंद्र खोला जाएगा। इसकी घोषणा झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने की है। नामकुम रेलवे स्टेशन परिसर में नामकुम-टाटीसिलवे रेलवे गुड्स शेड ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के द्वारा आयोजित विश्वकर्मा पूजा महोत्सव में मंत्री शामिल हुए। सर्वप्रथम उन्होंने भगवान विश्वकर्मा का दर्शन कर मंगलकामना की। अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा, जिससे पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।

महोत्सव के दौरान बुजुर्गों और महिलाओं को सम्मानित किया गया, जबकि सैकड़ों मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति दी गई। स्कूली बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री और खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया। आयोजन स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने जांच कराई।

इधर, कांटाटोली, हरमू, रातू रोड, डोरंडा, बिरसा चौक और हटिया समेत रांची के कई इलाकों में विश्वकर्मा पूजा की धूम रही। गैराज, वर्कशॉप, एचईसी, मेकॉन, हटिया यार्ड, बिजली विभाग और रेलवे से जुड़े संस्थानों में भी पूजा की गई।