भुरकुंडा (रामगढ़): दुर्गा पूजा को लेकर सोमवार को भुरकुंडा ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड उप प्रमुख बबीता पांडेय, अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया, पुलिस इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह, ओपी प्रभारी शिवलाल गुप्ता और एसआई अजीत कुमार सहित जनप्रतिनिधि, पूजा समितियों के पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।

बैठक में अंचलाधिकारी मनोज कुमार चौरसिया और सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने पूजा पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विसर्जन की तिथि और निर्धारित रूट के संबंध में जानकारी ली। वहीं उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। वहीं बैठक के दौरान पूजा समिति और शांति समिति के सदस्यों ने भुरकुंडा में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया और समाधान की मांग की। वहीं सयाल पूजा समिति ने मूर्ति दर्शन और रावण दहन के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग रखी।

इस दौरान ओपी प्रभारी शिवलाल गुप्ता ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन यंत्र लगाना अनिवार्य होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग द्वार बनाए जाएं, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था हो और भीड़ नियंत्रण के लिए पहचान पत्र धारी वालंटियर तैनात किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। विसर्जन के लिए निर्धारित रूट का ही उपयोग करें और आपत्तिजनक गीत न बजाएं।

बैठक में चमनलाल, मुखिया उपेंद्र शर्मा, अजय पासवान, सुरेंद्र राम, श्रीनाथ करमाली, आजाद भुइयां, बारीक अंसारी, प्रेम विश्वकर्मा, मुकेश राऊत, संजय मिश्रा, पप्पू सिंह, जगतार सिंह, विजय सिंह, बाबूलाल नायक, संतोष राम, रविंद्र पासवान, संजय यादव, डब्लू पांडेय, पुलेन्द्र सिंह, सुरेश प्रसाद, विजय कुमार, रोहित सिंह, विक्की सिंह, शंकर सिंह, सदानंद प्रसाद सिंह, अर्जुन झा, संजय शर्मा, सीताराम यादव, अखिलेश कुमार, रिंकू राम, विभांशु, बिट्टू, भूषण राम, विनय भगत, राकेश कुमार सिंह, फिरदौस आलम, इम्तियाज सहित अन्य लोग मौजूद थे।