रांची/गढ़वा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल कथित आपत्तिजनक टिप्पणी अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गई है। मामले में गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के खिलाफ रंका थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता श्रवण सिंह खरवार के आवेदन पर पुलिस ने केस नंबर 148/26 दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एससी-एसटी एक्ट) समेत अन्य सुसंगत धाराएं लगाई गई हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर विधायक का एक वीडियो देखा, जिसमें रूपी सोरेन के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की गई है।

शिकायत में कहा गया है कि कथित बयान से शिकायतकर्ता की भावनाएं आहत हुई हैं। आवेदन के जरिए पुलिस से संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की मांग की गई थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

रंका थाना प्रभारी विष्णुकांत ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब वायरल वीडियो, शिकायत में लगाए गए आरोप और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विधायक प्रतिनिधि बोले- अपना पक्ष रखेंगे

मामले पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी के खिलाफ आवेदन दे सकता है। उन्होंने कहा कि मामले में विधायक पक्ष भी अपनी बात रखेगा।