भुरकुंडा (रामगढ़): झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को रामगढ़ जिलाध्यक्ष विनोद किस्कू के नेतृत्व में सीसीएल बरका-सयाल प्रबंधन से वार्ता की। वार्ता में प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक कन्हैया शंकर गैवाल सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। महाप्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई वार्ता में पूर्व में सौंप गए 15 सूत्री मांगों पर बिंदुवार चर्चा की गई। जिसमें भुरकुंडा में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनी में 75 प्रतिशत रैयत और विस्थापितों को रोजगार देने, भुरकुंडा लोकल सेल को अविलंब चालू कर रैयत-विस्थापितों की भागीदारी सुनिश्चित करने, सीएसआर से आठ किलोमीटर के दायरे में आनेवाले गांवों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगें शामिल रहीं।

वार्ता के उपरांत बताया गया कि प्रक्षेत्र में 29 नवंबर से शुरू हो रहे छह दिवसीय कार्यक्रम का हवाला देते हुए प्रबंधन ने छह दिनों बाद पुनः वार्ता कर सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा करने की बात कही है।

वहीं महाप्रबंधक कार्यालय जाने से पूर्व भुरकुंडा के मतकमा चौक पर झामुमो जिलाध्यक्ष विनोद किस्कू का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां से बाइक रैली की शक्ल में दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे। जहां मेन गेट के समक्ष झामुमो कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। 

मौके पर पतरातू प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र बेदिया, रामदास बेदिया, जयलाल सिंह, उदय मालाकार, सूरज हेंब्रम, रोहित मुंडा, मनाराम मांझी, सुरेंद्र सोरेन, मिंटू मुंडा, महावीर सिंह, शुभम कुमार, ललकु बेदिया, कार्तिक मुंडा, बंटी कुमार, आजाद राय, सुनील बेदिया, नंदकिशोर बेदिया, कृष्णा मुर्मू, विजय मांझी, शंभू लाल मांझी सहित अन्य मौजूद थे। 

भुरकुंडा लोकल सेल चालू कर भागीदारी सुनिश्चित करे प्रबंधन: विनोद किस्कू 

महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष विनोद किस्कू ने मीडिया से कहा कि झामुमो रैयतों और विस्थापितों की लड़ाई हमेशा से लड़ती रही है। उनके अधिकार के लिए आगे भी लड़ाई जारी रहेगी।  उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार के निर्देशानुसार यहां काम कर रही कंपनियों को नौकरी में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। भुरकुंडा में काम कर रही आउटसोर्सिंग कंपनी में रैयत-विस्थापितों को नौकरी उपलब्ध कराई जाए। प्रबंधन भुरकुंडा लोकल सेल को अविलंब चालू करें और सभी चारों राजस्व गांव के लोगों को रोजगार से जोड़ने का काम करें।