रामगढ़: झारखंड विधानसभा निर्वाचन 2024 के तहत पहले चरण में बुधवार को बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में मतदान संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान आरंभ हुआ। शाम 05:00 बजे तक विधानसभा क्षेत्र के केरेडारी प्रखंड में 53711 (74.4 प्रतिशत), टंडवा प्रखंड में 8845 (57.38 प्रतिशत), बड़कागांव प्रखंड में 79413 (72 प्रतिशत) एवं पतरातू प्रखंड में 120851 (63.81 प्रतिशत) मतदान हुआ। विधानसभा चुनाव में कुल 2,62820 (68.08 प्रतिशत) लोगों ने मतदान किया। हालांकि पांच बजे के बाद भी कई जगहों पर मतदान होने की सूचना है। जिससे मतदान प्रतिशत में आंशिक वृद्धि हो सकती है। बड़कागांव विधानसभा में सुबह नौ बजे तक मतदान प्रतिशत 14.37 रहा, वहीं सुबह 11 बजे तक 24.17 प्रतिशत और दोपहर बाद एक बजे तक 46.81 प्रतिशत मतदान हुआ।

चुनाव को लेकर मतदाताओं में दिखा उत्साह 

पोलिंग बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह से ही बूथों पर हर उम्र के मतदाताओं की भीड़ देखी गई। पुरूष और महिलाओं की तरह ट्रांसजेंडर्स समूह ने भी लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई। वहीं वरीय नागरिकों और दिव्यांगजनों ने भी उत्साह के साथ मताधिकार का प्रयोग किया। नये वोटर भी खासे उत्साहित दिखे। जिला पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान मुस्तैदी से जुटे रहे।  बड़कागांव विधानसभा चुनाव में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। 

डीसी और एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण 

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के द्वारा प्रथम चरण में 22 बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चल रहे मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न मतदान केंद्रों का किया गया निरीक्षण।प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने की  प्रेस वार्ता 

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के मतदान समाप्ति के पश्चात एनआईसी कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों को मतदान संबंधित जानकारी दी। बताया गया कि पिछले विधानसभा के मुकाबले इस बार लगभग 5 प्रतिशत ज्यादा मतदान हुआ है। साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मतदान के दौरान किसी भी तरह का कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ और मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। रामगढ़ कॉलेज रामगढ़ में बनाए गए वज्र गृह में सारे ईवीएम को रखा जाएगा। 

 

By Admin

error: Content is protected !!