भाजपा की सरकार झारखंड की तस्वीर और तकदीर बदलेगी : शिवराज

रामगढ़: झारखंड का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है। भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, उसे पूरा करती है। झारखंड में भाजपा को लाकर सुशासन की सरकार बनाएं, बड़कागांव से रोशनलाल चौधरी को जिताएं, बोनस में ‘मामा’ भी पाएं। यह बातें केंद्रीय कृषि मंत्री सह मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को भुरकुंडा थाना मैदान में आयोजित भाजपा की परिवर्तन संकल्प सभा में कही। सभा के माध्यम से शिवराज सिंह चौहान ने बड़कागांव सीट से भाजपा प्रत्याशी रोशनलाल चौधरी के पक्ष में वोट देने की अपील की। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्र के लोग में मौजूद थे। 

इससे पूर्व शिवराज सिंह के आगमन पर एनडीए गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। मंच पर जयकारे के बीच फूलमाला पहनाकर शिवराज सिंह का अभिनंदन किया। हालांकि सभा में बतौर मुख्य वक्ता झारखंड विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा को शामिल होना था, लेकिन किसी कारण से झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी सह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सतीश मोहन मिश्रा और संचालन विजय साहू ने किया।

परिवर्तन संकल्प सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने भुरकुंडा सहित बड़कागांव की जनता का अभिवादन किया। आगे उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती पर बांग्लादेशी घुसपैठी आ रहे हैं। उनका लाल कार्ड, वोटर कार्ड और आधार कार्ड बनाया जा रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस की सरकार लाल कालीन बिछाकर उनका स्वागत कर रही है और उन्हें संरक्षण दे रही है। शिवराज सिंह ने कहा कि ये अपना देश है या धर्मशाला।झारखंड में अगले पांच वर्ष और ये की सरकार रह गई तो बहुसंख्यक यहां अल्पसंख्यक हो जाएंगे। इन बांग्लादेशी घुसपैठियों का वोट भाजपा को नहीं चाहिए। भाजपा की सरकार बनाइए, इनको खदेड़कर भगाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर माह 2000 रुपये चूल्हा खर्च देने का वादा कर सत्ता में आई हेमंत सरकार चार साल 10 महीने बीतने के बाद अब कह रही 1000 ले लो। पांच साल दिए होते तो लाख रुपये से ज्यादा रूपए हो गये होते। भाजपा शासित छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उड़ीसा में हम मां-बहनों को हर माह रुपये दे रहे हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीदी जाएगी। 

नवंबर में सरकार बनाओ दिसंबर से पाओ : शिवराज 

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा की सरकार लाइए। नवंबर में सरकार बनाओ और दिसंबर से मां-बहनों के खाते में हर महीने की 11 तारीख को 2100 महीना ‘सटासट’ आएंगे। हम जो कहते हैं वो करते हैं। गैस सिलेंडर पांच सौ में और त्योहारों पर दो गैस सिलेंडर मुफ्त देंगे। यहां कच्चे मकानों में रहनेवालों को पक्के मकान देंगे। हर घर में पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएगी। 

बालू, कोयला, पत्थर बेच रहे सत्तारूढ़ दल के नेता: शिवराज 

झारखंड सरकार के सत्तारूढ़ नेता और विधायक बालू बेच रहे हैं। झारखंड का बालू बांग्लादेश भेजा जा रहा है। ये लोग यहां का कोयला और पत्थर तक बेच रहे हैं, जनता का राशन तक खा जा रहे हैं। आपका मामा आपसे कह रहा है कि भाजपा की सरकार आने दो झारखंड में गरीबों के लिए बालू फ्री कर दी जाएगी।

कोयलांचल में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार देंगे: शिवराज 

शिवराज सिंह ने कहा कि हेमंत सोरेन ने कहा था कि पांच लाख सरकारी नौकरी दूंगा। चार साल 10 महीने बीत जाने के बाद नौकरी के लिए मौत की दौड़ दौड़वाया, जिसमें 19 बच्चों की मौत हो गई। लाखों रूपए लेकर परीक्षा का पेपर भी लीक करवाया गया। भाजपा सरकार इसकी जांच भी कराएगी और जबतक युवाओं को नौकरी नहीं मिल जाती भाजपा की सरकार प्रतिमाह 2000 रुपये देगी। दो लाख 87 हजार रिक्त पदों को भरा जाएगा। साथ ही यहां के कोयलांचल में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा।

परिवर्तन संकल्प सभा में ये रहे उपस्थित

भाजपा की विजय संकल्प सभा में बड़कागांव विधानसभा प्रभारी किशलय तिवारी, प्रवासी प्रभारी रमण अग्रवाल, बड़कागांव सीट से भाजपा प्रत्याशी रोशनलाल चौधरी,  पूर्व विधायक लोकनाथ महतो, विधानसभा संयोजक राधेश्याम अग्रवाल, सह संयोजक प्रीतम साहू, विजय साहू, पतरातू मंडल अध्यक्ष राजाराम प्रजापति, पूर्व जिप उपाध्यक्ष रामगढ़ मनोज राम, योगेश दांगी, डॉ. संजय सिंह, संजीव कुमार बाबला, दामोदर सिंह, दिनेश प्रसाद, चन्दन श्रीवास्तव, जयनारायण प्रसाद, कुणाल किशोर दुबे, अशोक सोनी, दिलीप दांगी, विश्वरंजन सिन्हा, रेखा चौधरी, संतोष शर्मा, लक्ष्मी देवी, मटुकधारी महतो, राजू साव, मूलचंद साव, कुश श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र सिंह, गंगाधर महतो, पंकज साहू सहित अन्य मौजूद थे।

By Admin

error: Content is protected !!