एक युवक के दाह-संस्कार के बीच नदी से दूसरे का शव मिला

गिद्दी (हजारीबाग): दामोदर नदी में सोमवार को डूबे आयुष राय (17 वर्ष) का शव मंगलवार की सुबह तकरीबन 11 बजे बरामद किया गया। शव मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आयुष शव को उसके घर ले जाया गया। घर में जुटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

बताते चले कि सोमवार को गिद्दी थाना क्षेत्र के दामोदर नदी घाट के समीप दो चचेरे भाई आशुतोष राय उर्फ गोलू (पिता स्व. मोतीलाल राय) और आयुष राय पिता रघुवंश राय नहाने के क्रम में नदी के गहरे पानी में डूब गए। वही एक अन्य युवक अनूप शर्मा को डूबने से पहले ही स्थानीय लोगों ने बचा लिया। दोनों युवकों के डूबने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नदी घाट पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी। युवकों की खोजबीन के लिए स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया। गोताखोरों ने आशुतोष का शव सोमवार को ही बरामद कर लिया। जबकि देर शाम तक खोजबीन के बावजूद आयुष का शव बरामद नहीं किया जा सका‌। रात होने की वजह से खोजबीन रोक दी गई।

इधर, मंगलवार की सुबह से स्थानीय गोताखोर खोजबीन में लग गए। तकरीबन चार घंटे की मशक्कत के बाद आयुष का शव बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

By Admin

error: Content is protected !!