भुरकुंडा (रामगढ़): ए’ला एंगलाइज स्कूल में शुक्रवार को पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बीते दिनों आयोजित राखी प्रतियोगिता सहित स्काउट एंड गाइड राष्ट्रीय जंबूरी में शामिल राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित ‘राखी बनाओ, डाक से भेजो’ प्रतियोगिता में प्रथम से दसवें स्थान तक की विजेता छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार दिए गए। कक्षा 12वीं की छात्रा खुशी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय जंबूरी में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों तथा राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में प्राचार्य विजयंत कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में शामिल होना और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करना बड़ी उपलब्धि है। विद्यार्थियों की सफलता और उनकी उपलब्धियां ही विद्यालय का गौरव बढ़ाती हैं।
मौके पर प्रशासक संजय कुमार, शिक्षिका चंचला कुमारी, काजल बनर्जी, खेल शिक्षक कंचन कुमार, डाक विभाग के अधिकारी चंदन कुमार महतो सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

