रामगढ़: आस्था का महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन व्रतियों ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया। खरना को लेकर बुधवार को दिन चढ़ने के साथ छठ व्रती परिवार के अन्य सदस्यों के साथ छठी मैया की गीत गाते हुए नदी के तट पर पहुंची। जहां सबसे पहले व्रतियों ने आम की दातुन किया। उसके बाद नदी के पानी में स्नान करने के बाद व्रतियों ने भगवान भास्कर को जल अर्पित किया। इसके बाद तट पर स्थित मंदिरों में व्रतियों ने पूजा-अर्चना की।
शाम को घरों में व्रतियों ने खीर और रोटी का प्रसाद बनाया गया। पूजा-अर्चना कर व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके उपरांत परिवार के अन्य सदस्यों और आगंतुकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। देर रात लोग छठ व्रतियों के घर जाकर प्रसाद ग्रहण किया। खरना के साथ ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का कठोर उपवास आरंभ हो गया।