भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा मेन रोड की हालत दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। भुरकुंडा- सौंदा डी मुख्य मार्ग पर बांसगढ़ा माइंस से नलकारी पुल तक तकरीबन दो दर्जन से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों की हालत समय के साथ और खस्ता होती जा रही है। जो आनेवाले समय में  दुर्घटनाओं को भी आमंत्रित कर सकते हैं।

सड़क पर बहता पानी इन बढ़ते गड्ढों की वजह बताई जाती है। वर्तमान समय में सड़क के किनारे नालियां जाम हो चुकी है। जिससे नाली और बारिश का पानी सड़क पर बहता है। जहां तेज रफ्तार वाहन दूसरों पर छींटे उड़ाते चलते हैं, वहीं रफ्तार में चलते वाहन चालकों के साथ अनहोनी की संभावना भी बनी रहती है। समय पर सड़क की मरम्मती आनेवाली कई परेशानियों से बचा सकती है। 

इस संबंध में वाहन चालकों से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जलजमाव से सड़क के गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। यहां गड्ढों से बचकर चलने में भलाई है। थोड़ी सी असावधानी दुर्घटना में तब्दील हो सकती है।

सड़क पर गड्ढों की वजह से आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। प्रबंधन के समक्ष इस समस्या को रखा जाएगा और जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

– संजय मिश्रा, क्षेत्रीय सचिव, सीसीएल बरका-सयाल (अखिल झारखंड कोयला श्रमिक संघ)