रांची: कांके थाना पुलिस ने संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक का नाम हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा है, जबकि दो नाबालिग हैं।

पुलिस ने बताया कि 5 अक्टूबर को ग्राम मनातु निवासी बबलू नायक ने थाने में लिखित शिकायत दी थी कि हेमंत मुंडा और उसके दो साथियों ने उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में सनहा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच 7 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास कुछ संदिग्ध युवक खड़े हैं। सूचना पर टीम गठित कर छापेमारी की गई तो तीनों को पकड़ लिया गया।
तलाशी में हेमंत मुंडा के पास से 7.65 एमएम का एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक रेडमी नोट प्रो मोबाइल बरामद हुआ। दूसरे किशोर के पास से रियलमी 5 प्रो मोबाइल मिला है। तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

