नवनिर्माण की भी कवायद जल्द होगी शुरू, बैठक में हुई चर्चा 

रामगढ़ : दुर्गा पूजा के मद्देनजर कुज्जू नया मोड़ से चुंबा तक सड़क की मरम्मतीकरण और नवनिर्माण को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की। जबकि बैठक में मांडू विधायक निर्मल महतो सहित क्षेत्र के मुखिया और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों के सुगम आवागमन को लेकर तात्कालिक और दीर्घकालिक योजनाओं पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पर्व को देखते हुए नया मोड़ कुज्जू से रामगढ़ तक करीब नौ किलोमीटर लंबे सड़क खंड की तत्काल मरम्मत की जाए। इसके लिए सीसीएल और एनएचएआई को तुरंत कार्य शुरू करने को कहा गया है ताकि त्योहार के दौरान यातायात सुचारू रहे।

उपायुक्त ने बताया कि तात्कालिक मरम्मत के बाद सड़क के स्थायी नवनिर्माण का कार्य शुरू होगा। इसका निर्माण सीसीएल और क्षेत्र में संचालित अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के सीएसआर मद और डीएमएफटी फंड से कराया जाएगा। बैठक में मौजूद सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने इस पर सहमति जताई।

उपायुक्त ने सीसीएल और कंपनियों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ फंड आवंटन और तकनीकी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने का सख्त निर्देश दिया ताकि तय समय में उच्च गुणवत्ता के साथ सड़क निर्माण पूरा हो सके। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, गोपनीय शाखा के प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, सीसीएल और विभिन्न कंपनियों के वरीय अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।