रांची: जिले के 1 लाख 86 हजार 669 पेंशनधारियों के बैंक खातों में सितंबर महीने की पेंशन राशि भेज दी गई है। जिला प्रशासन ने डीबीटी के जरिए प्रत्येक लाभुक को 1-1 हजार रुपये का भुगतान किया है। इस मद में कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये जारी किए गए हैं।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर यह भुगतान किया गया। राशि पाने वालों में वृद्धावस्था, आदिम जनजाति, HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायता और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुक शामिल हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, वृद्धावस्था पेंशनधारियों की संख्या सबसे ज्यादा है। मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1 लाख 85 हजार 894 लाभुकों को सितंबर की राशि मिली है। इसके अलावा आदिम जनजाति पेंशन योजना के 318, HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायता पेंशन योजना के 454 और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत ट्रांसजेंडर वर्ग के 3 लाभुकों को भुगतान किया गया है।

पेंशन अटकी तो आधार सीडिंग कराना जरूरी

जिला प्रशासन ने कहा है कि जिन लाभुकों के खाते में सितंबर की राशि नहीं पहुंची है, वे सबसे पहले अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग की स्थिति की जांच कराएं। आधार लिंक नहीं होने पर डीबीटी के जरिए भुगतान में बाधा आ सकती है। प्रशासन ने लाभुकों से बैंक खाते में आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है, ताकि आगामी महीनों में पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से हो सके।