खूंटी: मारंगहादा थाना क्षेत्र के सिरूम टोला निवासी सिन्ता देवी (55 वर्ष) की हत्या का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। हत्या के आरोप में मृतका के पड़ोसी दशाय पाहन (22 वर्ष) पिता सोहराई पाहन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बीते तीन अक्टूबर को सिन्ता देवी की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत पुलिस अधीक्षक खूंटी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया।
टीम द्वारा गहन तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर घटना में संलिप्त अभियुक्त दशाय पाहन को गिरफ्तार किया गया है। पूछ-ताछ के दौरान उसने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया और पुलिस को बताया कि घटना के दिन सिन्ता देवी ने अपने खेत का घास उसके खेत में फेंक रही थी। मना करने पर सिन्ता देवी ने उसके साथ गाली-गलौज की। जिसपर दशाय पाहन ने आक्रोशित होकर उसकी गला काट कर हत्या कर दी। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दउली और घटना के समय अभियुक्त द्वारा पहने गये हाफ पैंट और टी-शर्ट को जब्त कर लिया है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरूण रजक, मारंगहादा थाना प्रभारी शंकर कुमार विश्वकर्मा, पुअनि नवल किशोर दास, पुअनि मनोज कुमार यादव सदलबल शामिल थे।