रिपोर्ट – एसके सिन्हा

बालूमाथ: थाना क्षेत्र के अमरवाडीह पंचायत अंतर्गत बरवाडीह गांव में गुरुवार को दो मासूम चचेरी बहनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार कामेश्वर गंझू की 11 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी और मनोज गंझू की 9 वर्षीय पुत्री संजू कुमारी गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे घर से खेलने के लिए निकली थीं। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि हगनीगढ़ा में मिट्टी खुदाई से बने गड्ढे में दोनों बच्चियां डूब गई है।

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों बच्चियों को गढ़ा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों बच्ची यों कि मौत हो चुकी थी। अचानक हुई घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रियंका प्राथमिक विद्यालय बनवार में कक्षा पांचवीं की छात्रा थी, जबकि संजू कुमारी कक्षा तीसरी में अध्ययनरत थी। दोनों आपस में चचेरी बहन थीं और अक्सर साथ-साथ खेला करती थीं। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार जिस हगनीगढ़ा में दोनों बच्चियां डूबीं, वहां ईंट निर्माण के लिए मिट्टी की खुदाई की गई थी। खुदाई के कारण वहां गहरा गड्ढा बन गया था। उक्त गड्ढे की गहराई की जानकारी न तो ग्रामीणों को थी और न ही बच्चियों को। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण गड्ढा पानी से पूरी तरह भर गया था, जिससे उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया था। आशंका जताई जा रही है कि खेलते-खेलते दोनों बच्चियां गड्ढे में चली गईं और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने, गड्ढा खोदने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने, खतरनाक गड्ढे को अविलंब भरवाने और मृतक बच्चियों के परिजनों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

इधर, एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से बरवाडीह गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के लोगों का कहना है कि दोनों बच्चियां मिलनसार स्वभाव की थीं और पढ़ाई में भी रुचि रखती थीं। उनकी मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया है।

By Admin

error: Content is protected !!