रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत तृषा पुत्री के द्वादशाह संस्कार और ब्रह्मभोज में शामिल हुए। जहां उन्होंने तृषा सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि इस दुखद घड़ी में दीपिका जी, रत्नेश जी और उनके समस्त परिवार को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति, संबल और धैर्य मिले। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत तृषा सिंह की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस वज्रपात को सहने की शक्ति दें।
बताते चलें कि बीते गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मरीन ड्राइव रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए थे। इस दर्दनाक हादसे में तृषा सिंह समेत चार युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी।
