आम आदमी पार्टी को मिली 22 सीटें, कांग्रेस को शून्य

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की है। दिल्ली विधानसभा के 70 सीटों में से 48 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। वहीं आम आदमी को 22 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी खाता नहीं खोल सकी है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री सह आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को हार का सामना करना पड़ा है।भाजपा के प्रवेश वर्मा ने उन्हें हराया है। वहीं जंगपुरा से पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को भी हार मिली है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं आतिशी ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस पार्टी 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव की तरह 2025 में भी खाता नहीं खोल सकी है।

दिल्ली विधानसभा में जीत के साथ ही दिल्ली में 27 वर्षों के बाद भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है‌। दिल्ली में मिली जीत को लेकर  भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

दिल्ली है मिनी भारत, दिल खोलकर दिया प्यार : प्रधानमंत्री 

भाजपा को मिले प्रचंड बहुमत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी मुख्यालय पहुंचे। जीत पर दिल्ली की जनता को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज दिल्ली में दिल्ली के लोगों में उत्साह भी है और सुकून भी है। उत्साह जीत का है और सुकून दिल्ली को आपदा से बचाने का है।

उन्होंने कहा कि मोदी का गारंटी पर भरोसा करने के लिए दिल्ली की जनता का सर झुका कर नमन करता हूं। दिल्ली ने दिल खोलकर प्यार दिया है। आपके यह प्यार को हम विकास के रूप में लौटाएंगे। दिल्ली वासियों यह विश्वास एक हम सभी पर कर्ज है। एक दशक की आपदा से दिल्ली मुक्त हुई है। अब भाजपा की डबल इंजन की सरकार दिल्ली का तेजी से विकास करके दिखाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में आडंबर, अराजकता और अहंकार की हार हुई है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को भी बधाई देता हूं। दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली की जनता ने लोकसभा में कभी भी निराश नहीं किया। पिछले तीनों लोकसभा चुनाव में सात की सात सीटों पर विजयी बनाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली एक शहर नहीं, मिनी भारत है। यहां विधिवता में एकता है जो लघु भारत का रूप है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के पहले विधानसभा सत्र में ही सीएजी की रिपोर्ट रखी जाएगी। भ्रष्टाचार से जुड़े हर एक तार की जांच होगी। जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है उन्हें लौटाना ही पड़ेगा। वहीं उन्होंने का कि कांग्रेस परजीवी पार्टी बन गई। देश की सबसे पुरानी कांग्रेस पार्टी का दिल्ली में फिर से खाता नहीं खुल रहा है। कांग्रेस पर देश के लोग भरोसा करने तक को तैयार नहीं है। एनडीए शासित राज्यों में सुशासन है और वहां विकास हो रहा है। एनडीए विकास की गारंटी है।

By Admin

error: Content is protected !!