धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें कुल 1128 यात्रियों से 5 लाख 98 हजार 570 रुपए जुर्माना वसूला गया। अभियान 7 अप्रैल से शुरू होकर 8 अप्रैल की सुबह आठ बजे तक चलाया गया। जिसके अंतर्गत मंडल के विभिन्न खण्डों के साथ-साथ धनबाद, गोमो, कोडरमा, बरकाकाना, डाल्टनगंज स्टेशन में भी गहन टिकट चेकिंग की गई। इसके साथ ही विभिन्न मेल/एक्स्प्रेस ट्रेनों में भी चेकिंग की गई।
जांच अभियान में बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्री, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्री, बिना बुक किये गए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों से जुर्माने वसूलते हुए उन्हें कड़ी हिदायत दी गई।
बताया जाता है कि अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाना है। ताकि टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के कारण किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।